Breaking

Your Ads Here

Wednesday, February 26, 2025

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर स्वामी विवेकानन्द सुभारती विश्वविद्यालय मनाने जा रहा 'महिला सप्ताह'

 


अनम शेरवानी

नित्य संदेश, मेरठ। पिछली एक सदी से भी ज़्यादा समय से दुनिया भर में हर साल 8 मार्च का दिन महिलाओं के लिए एक ख़ास दिन के तौर पर मनाया जाता रहा है। हमेशा की तरह इस बार भी पूरा विश्व आगामी 8 मार्च को 'अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस' मनाने जा रहा है। महिलाओं के लिए समान अवसर, उनके अधिकारों की लड़ाई, उनके सशक्तिकरण के संदर्भ में यह दिन विशेष महत्व का है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस अवसर पर एक खास घोषणा की है, इस बार वे अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स महिलाओं को सौंपेंगे, ताकि वे अपने जीवन के अनुभवों और उपलब्धियों को देश-दुनिया के साथ साझा कर सकें।

स्वामी विवेकानन्द सुभारती विश्वविद्यालय में स्थापना के समय से ही निरंतर विभिन्न सामाजिक व सांस्कृतिक विषयों से जुड़े अनेकों कार्यक्रम हर वर्ष हर माह आयोजित करने की परंपरा रही है। नारी उत्थान और सशक्तिकरण विश्वविद्यालय के मूल उद्देश्यों में से एक रहा है। लैंगिक समानता व महिला अधिकारों को लेकर जागरूकता लाने के विभिन्न प्रयास विश्वविद्यालय की ओर से समय-समय पर किये गए हैं। इसी कड़ी में विश्वविद्यालय की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. शल्या राज के निर्देशन में सुभारती विश्वविद्यालय आगामी 'अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2025' को केवल एक दिवस के रूप में नहीं बल्कि 'महिला सप्ताह' के रूप में विशेष तौर पर मनाने जा रहा है। यह केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि 2 से 8 मार्च तक सप्ताह भर चलने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की एक पूरी शृंखला होगी।सप्ताह भर के कार्यक्रमों की इस शृंखला के अंतर्गत सुभारती विश्वविद्यालय द्वारा स्त्री शिक्षा में उल्लेखनीय कार्य कर रहे विद्यालयों की शिक्षिकाओं व प्राचार्याओं, महिला रोज़गार व उद्यमिता के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रही महिलाओं, विभिन्न व्यावसायिक संस्थानों को आरंभ कर उनका सफल नेतृत्व कर रही महिला उद्यमियों को पुरस्कृत व सम्मानित किया जाएगा। इस दौरान विश्वविद्यालय की अलग-अलग समितियों और संकायों द्वारा 'नेतृत्व में महिलाओं की भूमिका' विषय पर संगोष्ठी, 'विश्व को बदलने में महिला उद्यमियों की भूमिका' विषय पर जानी-मानी महिला उद्यमियों द्वारा चर्चा, महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर परिचर्चा / परिसंवाद और महिलाओं से जुड़े आर्थिक मुद्दों और वित्तीय स्थिरता पर कार्यशाला का आयोजन किए जाने की योजना है।

'महिलाओं को समर्पित यह सप्ताह'  

सुभारती विश्वविद्यालय की ओर से एक अनूठी पहल है, जिसमें देश के सामाजिक, आर्थिक व राजनीतिक क्षेत्र की अग्रणी महिलाएं अपनी सफलता की प्रेरणादायी कहानियाँ लोगों के साथ साझा करेंगी, अपने अनुभव, उपलब्धियों व चुनौतियों के बारे में बताएंगी। इसके अतिरिक्त महिलाओं से जुड़े मुद्दों और समस्याओं के प्रति युवा पीढ़ी को जागरूक करने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय में लैंगिक समानता और महिला अधिकार जैसे विषयों पर निबंध, क्विज़, और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का आयोजन भी होगा।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here